*उत्तर प्रदेश विधानसभा के मुख्य द्वार का सीएम ने किया उद्घाटन, भित्तिचित्रों का किया अनावरण*
*- विधानसभा के बजट सत्र से पहले आयोजित कार्यक्रम में सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेतागण रहे मौजूद*


*- यूपी विधानसभा को हाईटेक बनाने के साथ ही इसके सौंदर्यीकरण के लिए लगातार हो रहे कार्य*
*- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित भित्तिचित्रों का किया अवलोकन*
*लखनऊ, 17 फरवरी।* उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र से पहले सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानभवन के मुख्य द्वार का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधानसभा परिसर में विभिन्न भित्तिचित्रों का अनावरण भी किया गया। विधानसभा को हाईटेक और अधिक कलात्मक बनाने के क्रम में इस कार्य को पूरा किया गया है। नव निर्मित भित्तिचित्रों में भारत की ऐतिहासिक घटनाओं और राजनीतिक व्यवस्था को उकेरा गया है। इनमें गीता के विभिन्न प्रसंग भी दर्शाए गए हैं, जिससे विधानसभा भवन अब और भी अधिक भव्य और आकर्षक दिखने लगा है। पहले लकड़ी का गेट हुआ करता था, जिसे अब अत्याधुनिक और नक्काशीदार स्टील के मजबूत गेट से बदल दिया गया है।
*हाईटेक और कलात्मक रूप से सुदृढ़ हो रही विधानसभा*
विधानसभा के सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। विधानसभा को तकनीकी रूप से उन्नत करने के साथ-साथ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, नेता विपक्ष माता प्रसाद पांडेय और कांग्रेस नेता अराधना मिश्रा ‘मोना’ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद सर्वदलीय बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के प्रमुख नेता शामिल हुए।
Gujrat atmiyata news. U P
Editor. -Himanshu thakor






